बुर्का पहनकर आई ‘लेडी लुटेरी’ का आतंक! पिस्टल दिखाकर लूट ले गई लाखों की ज्वेलरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Summary :

Uttar Pradesh shocking Viral Video: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के रुदौली क्षेत्र में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं ने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया है। लंबे समय बाद इस तरह की दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसमें एक बुर्का पहने महिला और उसका पुरुष साथी शामिल बताए जा रहे हैं। इन घटनाओं के बाद व्यापारी और आम लोग दोनों ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।…

Uttar Pradesh shocking Viral Video: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के रुदौली क्षेत्र में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं ने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया है। लंबे समय बाद इस तरह की दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसमें एक बुर्का पहने महिला और उसका पुरुष साथी शामिल बताए जा रहे हैं। इन घटनाओं के बाद व्यापारी और आम लोग दोनों ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Uttar Pradesh shocking Viral Video: ज्वेलरी शॉप में हथियार के बल पर लूट

पहली घटना रुदौली के कोठी मोहल्ले में स्थित एक आभूषण की दुकान में हुई। जानकारी के मुताबिक, एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई और दुकानदार से आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे सोने के गहने दिखाए। कुछ देर तक देखने के बाद महिला बाहर चली गई, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस आई।

दुकान में लौटने के बाद महिला ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और दुकानदार को धमकाते हुए काउंटर पर रखे गहने उठा लिए। दुकानदार ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से भाग निकली। बाहर पहले से उसका एक साथी बाइक लेकर खड़ा था, जिसके साथ वह फरार हो गई। इस घटना में सोने का हार और चेन लूटे जाने की बात सामने आई है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

इस लूट की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह महिला पहले ग्राहक बनकर आती है और फिर अचानक लूट की घटना को अंजाम देती है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Uttar Pradesh News: दूसरी घटना, घर में घुसकर लूटपाट

पहली घटना की जांच अभी चल ही रही थी कि उसी दिन रुदौली के मलिकजादा मोहल्ले में दूसरी लूट की घटना सामने आ गई। यहां एक सभासद के घर को निशाना बनाया गया। बताया गया कि घर में उस समय केवल उनकी बहू मौजूद थी, जो दूसरे कमरे में सो रही थी।

इसी दौरान बदमाश घर में घुस गए और बेड के नीचे रखे जेवरात खोजने लगे। आवाज सुनकर जब बहू बाहर आई और फोन करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

महिला की सूझबूझ से बची जान

कुछ समय बाद होश में आने पर महिला ने साहस दिखाया और बदमाशों को कमरे में बंद करने की कोशिश की। उसने बाहर से कुंडी लगाकर शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक बदमाश छत के रास्ते भागने में सफल हो चुके थे। इस घटना में करीब छह लाख रुपये के गहने लूटे जाने की बात कही  जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी, एक ही गिरोह पर शक

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को शक है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है। रुदौली कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला और उसके साथी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा भी किया गया है। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।

यह भी पढ़ें: IPL मैच के दौरान स्टेडियम बना जंग का मैदान, दर्शकों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, देखें वायरल Video

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।