महाराष्ट्र के पालघर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। पालघर स्टेशन के पास बंद रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुआ कहा कि, तीनों बिहार के मोतिहारी के रहने वाले थे और यहां बोइसर में काम कर रहे थे। यह हादसा पालघर रेलवे स्टेशन के पास हनुमान मंदिर चौक पर बंद फाटक के पास रात लगभग 8.30 बजे हुआ।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
तीनों लोग ट्रैक से गुजर रही जयपुर एक्सप्रेस की चपेट में आए। हादसे की जानकारी मिलने पर रेलवे पुलिस (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। और मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज पालघर के अस्पताल में चल रहा है। अधिकारी फिलहाल मृतक की पहचान करने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, जयपुर एक्सप्रेस मुंबई से गुजरात जा रही थी। एक्सप्रेस ने पालघर रेलवे स्टेशन के पास हनुमान मंदिर चौक पर बंद रेलवे फाटक के पास तीन पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। टक्कर में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।
रेलवे अधिकारी ने मामले की दी जानकारी
पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया, 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया और तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। एक घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है। विनीत अभिषेक ने कहा कि पश्चिम रेलवे सभी से नियमों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अनाधिकार प्रवेश न करने का अनुरोध करता है। यह उनकी अपनी भलाई तथा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। अनाधिकार प्रवेश से रेल यात्रियों की जान को भी खतरा होता है।


Download Android App
Download iOS App



