ओडिशा के बालासोर शहर में शोभारामपुर में एक सरकारी स्कूल के परिसर के अंदर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा टूटी-फूटी अवस्था में मिली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपिता के सम्मान में स्कूल में ‘बापूजी कख्या’ नाम से एक कक्ष है।
उसमें तोड़फोड़ हुई है और कमरे में सिगरेट के बट और शराब की बोतलें इधर-उधर बिखरी पड़ी मिलीं। यह मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब कुछ पेड़ों को गिरा हुआ देखकर चंद स्थानीय लोग स्कूल परिसर के अंदर गए। अधिकारी ने बताया कि परिसर में घुसते ही उन्होंने कमरा खुला पाया और प्रतिमा का सिर जमीन पर पड़ा देखा।
सहदेवखूंटा पुलिस थाना के प्रभारी शुभ्रांशु शेखर नायक ने आशंका जतायी कि घटना 14 जून को हुई और यह कुछ असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है क्योंकि उच्च प्राथमिक विद्यालय गर्मी की छुट्टी के कारण बंद था। नायक ने हालांकि इस प्रकरण में किसी राजनीतिक कोण से इनकार किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिये जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



