केंद्रीय मंत्रियों महेंद्र मुंजापरा एवं देवुसिंह चौहान ने सोमवार को गुजरात में जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की जिसका मकसद लोगों के साथ संवाद स्थापित करना तथा हाल में संपन्न विभिन्न चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिये उन्हें बधाई देना है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश ने रविवार को करमसाद से अपनी यात्रा की शुरूआत की।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा प्रदेश के सुरेंद्रनगर से सांसद महेंद्र मुंजापरा ने अहमदाबाद शहर से अपनी वाहन रैली निकाली जबकि खेड़ा से सांसद एवं केंद्रीय संचार मंत्री देवुसिंह चौहान ने अपनी यात्रा बनासकांठा जिले के पालनपुर से शुरू की।
पिछले सप्ताह गुजरात भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया समेत केंद्रीय मंत्रीपरिषद में शामिल किये गये प्रदेश के सभी पांच मंत्रियों के 16 से 20 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने की घोषणा की थी।प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुंजापरा की यात्रा सुरेंद्रनगर के लिम्बदी शहर में 18 अगस्त को समाप्त होगी । इसी प्रकार चौहान खेड़ा पहुंचने से पहले अगले दो दिनों में बनासकांठा, अरवल्ली एवं महिसागर जिलों का दौरा करेंगे ।
केंद्रीय रेल एवं कपड़ा राज्य मंत्री तथा सूरत से सांसद दर्शना जरदोश ने आणंद जिले के करमसाद से अपनी यात्रा शुरू की और वह वडोदरा, नवसारी, भरूच, सूरत एवं वलसाड जिलों के हिस्सों का 18 अगस्त तक दौरा करेंगी।दो अन्य केंद्रीय मंत्रियों – पुरुषोत्तम रूपाला एवं मनसुख मांडविया – आगामी दिनों में यात्रा में शामिल होंगे।अनुमानित कार्यक्रम के अनुसार मांडविया राजकोट से यात्रा में शामिल होंगे जबकि केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री रूपाला के मेहसाणा जिले के उंझा से यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
भाजपा के बयान में कहा गया है कि पार्टी कार्यकर्ता, सांसद, राज्य के मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी भी इन जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हो रहे हैं।इसमें कहा गया है कि हालिया चुनावों में भाजपा की जीत के लिये लोगों का धन्यवाद करने के अलावा इसका मकसद लोगों के साथ संवाद स्थापित करना भी है। गौरतलब है कि प्रदेश में अगले साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



