महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता नवाब मलिक ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस आरोप का खंडन किया कि मलिक और उनके परिवार के सदस्यों ने ‘अंडरवर्ल्ड’ से जुड़े लोगों के साथ भूमि सौदे किए थे। इसके साथ ही मलिक ने दावा किया कि वह बुधवार को हाइड्रोजन बम गिराएंगे और भाजपा नेता के ‘अंडरवर्ल्ड’ से संबंधों का पर्दाफाश करेंगे।
फडणवीस छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं
मलिक ने कहा कि उन्होंने किसी ऐसे व्यक्ति से कोई संपत्ति नहीं खरीदी, जो ‘अंडरवर्ल्ड’ से जुड़ा है या बम विस्फोट मामले में दोषी है। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘अंडरवर्ल्ड’ और बम विस्फोट के दोषियों से जोड़ने की कोशिश कर फडणवीस उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
आ रहा हूँ मैं
— Nawab Malik نواب ملک नवाब मलिक (@nawabmalikncp) November 9, 2021
इससे कुछ घंटे पहले ही महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि मलिक और उनके परिवार के सदस्यों ने ‘अंडरवर्ल्ड’ से जुड़े लोगों के साथ भूमि सौदे किए। उन्होंने कहा, ‘‘नवाब मलिक और उनके परिवार के सदस्य एक कंपनी से जुड़े हुए थे, जिसने कुछ फर्जी दस्तावेज बनाकर बहुत कम कीमत पर मुंबई के कुर्ला इलाके में जमीन खरीदी थी…।’’
फडणवीस का दावा- मलिक और उनके परिवार के सदस्यों ने ऐसे लोगों से जमीन खरीदी, जो
उन्होंने दावा किया कि मलिक और उनके परिवार के सदस्यों ने ऐसे लोगों से जमीन खरीदी, जो 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में दोषी ठहराए गए थे।
मलिक ने कहा कि उनके दामाद समीर खान के खिलाफ टिप्पणियों के लिए उनकी बेटी बुधवार को फडणवीस को कानूनी नोटिस भेजेगी। मलिक के दामादा खान को इस साल की शुरुआत में स्वापक नियंत्रक ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
‘‘मैं आ रहा हूं’’, फडणवीस ‘‘तिल का ताड़ बना रहे हैं’’
फडणवीस का संवाददाता सम्मेलन खत्म होने के बाद मलिक ने ट्वीट किया, ‘‘मैं आ रहा हूं।’’ जाहिरा तौर पर उन्होंने संदेश दिया था कि वह पलटवार करेंगे। मलिक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘देवेंद्र फडणवीस द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। मैंने कभी भी अंडरवर्ल्ड से जुड़े किसी व्यक्ति या विस्फोट के दोषी से कोई संपत्ति नहीं खरीदी।’’ उन्होंने कहा कि फडणवीस ‘‘तिल का ताड़ बना रहे हैं।’’
मलिक ने कहा- 26 साल से अधिक समय से सार्वजनिक जीवन में हैं
मलिक ने कहा कि वह 26 साल से अधिक समय से सार्वजनिक जीवन में हैं और किसी ने भी उन्हें ‘अंडरवर्ल्ड’ और विस्फोट मामले के दोषियों के साथ जोड़कर आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा खरीदी गई संपत्ति को स्टांप शुल्क का भुगतान करने के बाद कानूनी रूप से हासिल किया गया है। मलिक ने दावा किया, ‘सभी सौदे बेहद पारदर्शी तरीके से किए गए हैं।’’
पिछले हफ्ते, फडणवीस ने दावा किया था कि वह मलिक के ‘अंडरवर्ल्ड’ के साथ संबंधों को पर्दाफाश करते हुए एक बम फोड़ेंगे। मलिक ने कटाक्ष करते हुए कहा कि फडणवीस का बम अजीब पटाखा निकला, लेकिन वह बुधवार की सुबह एक हाइड्रोजन बम गिराएंगे और उजागर करेंगे कि किस प्रकार भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री रहते हुए शहर को बंधक बनाया था।


Download Android App
Download iOS App



