ICC ने पाकिस्तान के आसिफ अली को दिया ये बड़ा सम्मान, महज 23 बॉल खेलकर बन गए बेस्ट खिलाड़ी

Summary :

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन के लिए टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने पहले इशारों-इशारों में तो बाद में खुलेआम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को जिम्मेदार ठहराया।

पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली और आयरलैंड की आलराउंडर लॉरा डेलानी को मंगलवार को अक्टूबर महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का क्रमश: सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी चुना गया। आसिफ ने बांग्लादेश के साकिब अल हसन और नामीबिया के डेविड वाइसी को पछाड़कर पुरुष वर्ग का पुरस्कार अपने नाम किया। 
आसिफ ने मौजूदा आईसीसी टी20 पुरुष विश्व कप के दौरान अक्टूबर में पाकिस्तान की ओर से तीन मैचों में 52 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 273.68 रहा। आसिफ की 12 गेंद में नाबाद 27 रन की पारी की बदौलत पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया। लेकिन अगले मैच ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। पाकिस्तान को अफगानिस्तान के खिलाफ अंतिम दो ओवर में 24 रन की जरूरत थी और आसिफ ने 19वें ओवर में चार छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी।  आसिफ के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान की टीम ग्रुप चरण में अपने सभी पांच मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दुबई में सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है।  

आसिफ के प्रदर्शन पर आईसीसी की वोटिंग अकादमी के सदस्य इरफान पठान ने कहा, टीम को जीत दिलाने में मदद करना, विशेषकर हार के कगार से जीत दिलाना आसिफ अली को विशेष बनाता है। और उसने ऐसा एक नहीं बल्कि दो बार किया। उन्होंने कहा, उसने हालांकि बाकी दो नामित खिलाड़ियों से काफी कम रन बनाए लेकिन उसके योगदान और उसने जिस दबाव की स्थिति में टीम को जीत दिलाई उसने अंतर पैदा किया।
जबकि महिला वर्ग मे लॉरा ने टीम की अपनी साथी गैबी लुईस और जिंबाब्वे की मेरी आन मुसोंडा को पछाड़ा। आयरलैंड की कप्तान लॉरा ने जिंबाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 3-1 की जीत के दौरान प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने 63 की औसत से 189 रन बनाने के अलावा 27 के औसत से चार विकेट भी चटकाए।

Desk Team