राज्य में हुआ रक्तपात और नरसंहार, हिंसा के बाद ममता बनर्जी की खामोशी मेरे लिए चिंता का कारण : धनखड़

Summary :

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुप्पी साध ली।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुप्पी साध ली।धनखड़ ने असम के धुबरी में आए पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के कई परिवारों से मुलाकात की। ऐसा दावा किया गया है कि ये लोग भाजपा के समर्थक हैं और हिंसा के बाद इन्होंने धुबरी में शरण ली है।
धनखड़ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य में रक्तपात और नरसंहार हुआ। मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि मामले में जांच जारी है लेकिन मुख्यमंत्री की चुप्पी मेरे लिए चिंता का कारण है।’’राज्यपाल ने आरोप लगाया कि बनर्जी ने अपने चुनावी प्रचार अभियान में अपने समर्थकों खासकर महिलाओं को केंद्रीय सुरक्षा बलों का विरोध करने के लिए उकसाया।
धनखड़ ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को इस तरह का शब्द शोभा नहीं देता। मेरे लिए यह बहुत पीड़ादायक है कि एक मुख्यमंत्री ने यह सब किया। यह कानून के शासन के खिलाफ है।’’राज्यपाल ने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव हुए लेकिन सबसे ज्यादा हिंसा बंगाल में हुई और यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
धनखड़ ने कहा, ‘‘लोग घर छोड़कर दूसरे राज्यों में तब पनाह लेते हैं जब उनमें असुरक्षा का भाव आता है और उन्हें लगता है कि उन्हें सुरक्षा नहीं मिल पाएगी। ’’धनखड़ ने धुबरी में शरण लेने वाले लोगों की देखभाल के लिए असम सरकार का शुक्रिया अदा किया।

Ujjwal Jain