पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट को ‘जन-विरोधी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि यह जनता को छलने वाला बजट है और राष्ट्रवाद की बात करने वाली भाजपा देश के संसाधनों को निजी क्षेत्र के लोगों को बेच रही है।
नये कृषि कानूनों को वापस लिये जाने की मांग दोहराते हुए बनर्जी ने कहा कि जब केंद्र सरकार करोड़ों रुपये के डूबते कर्ज को माफ कर रही है तो कृषि कानूनों को वापस लेने में कैसा संकोच है? बनर्जी ने यहां उत्तर बंग उत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वे (भाजपा) राष्ट्रवाद पर दूसरों को भाषण देते हैं, लेकिन वास्तव में वे ही देश को बेच रहे हैं। वे पीएसयू, बीमा, रेलवे और बंदरगाहों से लेकर सबकुछ बेच रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह जनता को छलने वाला बजट है। यह किसान विरोधी, जन विरोधी और देश विरोधी बजट है।’’ तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कुछ नेताओं को दिल्ली बुलाने के लिए भाजपा द्वारा चार्टर्ड विमान की व्यवस्था किये जाने का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि उनके पास प्रवासी श्रमिकों की यात्रा के लिए पैसे नहीं हैं लेकिन चार्टर्ड विमानों में भ्रष्ट नेताओं को बुलाने के लिए पैसे हैं।


Download Android App
Download iOS App



