भीषण गर्मी के कारण अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल के सभी स्कूल बंद रहेंगे। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि मौसम बहुत गर्म है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि ‘भीषण’ लू की स्थिति के मद्देनजर राज्य में अगले सप्ताह सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से बच्चे स्कूल से लौटने के बाद सिरदर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं। ममता ने एक बंगाली समाचार चैनल से कहा, ‘‘भीषण लू की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अगले सप्ताह सोमवार से शनिवार तक स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है।’’

अधिसूचना जारी की जाएगी
उन्होंने कहा, ‘‘मैं निजी शैक्षणिक संस्थानों से भी आग्रह करती हूं कि वे भी इस अवधि के दौरान ऐसा ही करें।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचने का भी अनुरोध करूंगी।’’
तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज
इससे पहले, पश्चिम बंगाल सरकार ने चिलचिलाती गर्मी के मद्देनजर पहाड़ी इलाकों को छोड़कर सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश तीन हफ्ते पहले दो मई से घोषित करने का आधिकारिक नोटिस जारी किया था।
राज्य में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है और मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि लू की स्थिति 19 अप्रैल तक बनी रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



