5 मई को तीसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी ममता बनर्जी : पार्थ चटर्जी

Summary :

ममता बनर्जी पांच मई को तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ममता बनर्जी पांच मई को तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि नव-निर्वाचित विधायकों ने यहां हुई बैठक में बनर्जी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया।
तृणमूल विधायकों ने मौजूदा विधानसभा के अध्यक्ष विमान बनर्जी को नयी विधानसभा का कार्यवाहक अध्यक्ष चुना है। चटर्जी ने विधायकों की बैठक के बाद यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ”नव-निर्वाचित सदस्य छह मई को विधानसभा में शपथ लेंगे।”  राजभवन के सूत्रों ने बताया कि ममता बनर्जी आज राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश करेंगी।
आपको जानकारी के लिए बता दें कि संविधान के मुताबिक, ममता बनर्जी विधानसभा का सदस्य नहीं होते हुए भी मुख्यमंत्री बन सकती हैं, लेकिन छह महीने के भीतर उन्हें निर्वाचित होना होगा। नंदीग्राम में हार के बाद ममता बनर्जी ने गड़बड़ी का आरोप लगाकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है और दोबारा मतगणना की मांग की है।
बता दें तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित अंतिम परिणाम के अनुसार पार्टी को 292 विधानसभा सीटों में से 213 पर जीत हासिल हुई है जो बहुमत के जादुई आंकड़े से भी कहीं अधिक है।वहीं, इस विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक देने वाली भाजपा 77 सीटों पर विजयी रही है।

Desk Team