पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियों के बीच बयानबाजी का दौर तेज है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पूर्वी मिदनापुर में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी को अलविदा, हम नहीं चाहते बीजेपी को। हम मोदी का चेहरा नहीं देखना चाहते। हम दंगा, लूट, दुर्योधन, दुशासन, मीर जाफर नहीं चाहते।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने टीएमसी से बगावत करने वालों को विधानसभा चुनाव में टिकट दिये। पार्टी के पुराने नेता घर में बैठकर आंसू बहा रहे हैं। नंदीग्राम हमले पर सीएम ममता ने कहा कि पहले मेरे विरोधियों ने मेरे सिर में चोट मारी और अब मेरा पैर घायल कर दिया, लेकिन मैं भी योद्धा हूं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल की सरकार पर भ्रष्टाचार, वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टीकरण, माफियाराज और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस की ‘‘निर्मम’’ सरकार के दिन अब गिनती के रह गए हैं।
वहीं ममता बनर्जी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में ‘परिवर्तन’ लाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपनी पूरी ताकत से पश्चिम बंगाल को निशाना बना रही है क्योंकि उसे पता है कि राज्य में चुनाव जीतने के तुरंत बाद वह (बनर्जी) केंद्र में जाएंगी।


Download Android App
Download iOS App



