पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को मतदाताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भी वोट नहीं दें क्योंकि वह (मोदी) देश को नष्ट कर देंगे। ममता ने सुंदरबन के नामखाना में एक जनसभा में कहा कि मोदी ने पिछले पांच साल में देश के लिए कुछ नहीं किया।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, ‘‘यदि आप प्रधानमंत्री के तौर पर ‘चौकीदार’ को चुनते हैं, तो वह देश को नष्ट कर देंगे। मतदाता बीजेपी को एक भी वोट नहीं देकर उन्हें (मोदी को) बाहर कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी ने अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और पत्रकारों की हत्या की है और उन्हें पीट-पीट कर मारा है।’’
ममता ने कहा, ‘‘बीजेपी से डरने वाली कोई बात नहीं है। उसे मत नहीं दें। यदि एक भी वोट माकपा और कांग्रेस को जाएगा तो इससे बीजेपी के हाथ मजबूत होंगे।’’ ममता ने नोटबंदी को लेकर मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने देश में तीन करोड़ नौकरियां नष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में पेट्रोल, गैस और डीजल के दाम बढ़े हैं।
ममता ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ताजपुर बंदरगाह के निर्माण को लेकर अपनी बात से पीछे हट गई है। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार राज्य में बेरोजगारी को करीब 40 प्रतिशत कम करने में कामयाब रही है, जबकि नोटबंदी ने देशभर में तीन करोड़ नौकरियां ले लीं।
बंगाल में गरजे अमित शाह, कहा- ममता दीदी यदि आप में हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार कीजिए
ममता ने कहा, ‘‘हमने गंगासागर में मुड़ीगंगा नदी पर आगामी तीन से चार साल में एक पुल बनाने के लिए 1000 करोड़ रुपए मुहैया कराने का भी फैसला किया है जिसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाई जानी है।’’


Download Android App
Download iOS App




