गोवा में अपनी राजनीति चमकाने के लिए ममता करेंगी दो दिवसीय दौरा, विधानसभा चुनाव को लेकर होगी चर्चा

Summary :

तृणमूल कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पार्टी को स्थापित करने की तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत ममता अगले सप्ताह गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगी।

तृणमूल कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पार्टी को स्थापित करने की तैयारियों में जुट गई है। इसके तहत ममता अगले सप्ताह गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगी। चालीस सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल की शुरुआत में होंगे।
28 अक्टूबर से दो दिवसीय गोवा यात्रा पर 
उन्होंने कहा, ‘‘अपनी उत्तर बंगाल यात्रा से लौटने के बाद, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख 28 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर गोवा के लिए रवाना होंगी। वह गोवा में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगी। हालांकि, उनके यात्रा कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।’’
तृणमूल कांग्रेस, इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में अपनी शानदार जीत के बाद, राष्ट्रीय स्तर पर अपना दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रही है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित गोवा और त्रिपुरा में पैठ बनाने में लगी है।
चुनाव के लिए कर सकती है छोटे दलों से गठबंधन 
तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा, ‘‘ममता दी शायद किसी गठबंधन के लिए छोटे दलों के कुछ नेताओं से मिलें, लेकिन वह उन्हें हमारी पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी कर सकती हैं।’’ भाजपा और कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने बनर्जी की यात्रा को लकर कटाक्ष किया और उनकी इस यात्रा को ‘‘तटीय राज्य (गोवा) के राजनीतिक पर्यटन’’ के रूप में बताया।
गोवा का मौसम अब पर्यटकों के लिए उपयुक्त है- भाजपा 
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘गोवा का मौसम अब पर्यटकों के लिए उपयुक्त है। वह वहां छुट्टियां मनाने जा रही हैं।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान ने कहा कि उनकी यात्रा का कोई नतीजा नहीं निकलेगा और इसका उद्देश्य गोवा में ‘उनकी सहयोगी भाजपा’ की मदद करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही है और हमारे नेताओं को निशाना बना रही है। तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक रुख का उद्देश्य भाजपा की मदद करना है। वे गोवा में भी वही काम करने की योजना बना रहे हैं।’’

Desk Team