त्रिपुरा में माणिक साहा की अगुवाई वाली मंत्रिपरिषद् यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेगी। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा भाजपा नीत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहले ही त्रिपुरा पहुंच चुके हैं।
भाजपा की त्रिपुरा इकाई के मुख्य प्रवक्ता सुब्रत चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘माणिक साहा विवेकानंद मैदान में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।’’ मोदी के गुवाहाटी से यहां बुधवार को सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘बीते तीन दशकों में यह पहली बार है कि त्रिपुरा में किसी गैर वाम सरकार ने सत्ता में वापसी की है। हमें उम्मीद है कि दूसरी बार सत्ता में आई भाजपा सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।’’
वर्ष 1988 में कांग्रेस-टीयूजेएस ने वाम दल को परास्त करके त्रिपुरा में सरकार बनाई थी, लेकिन यह गठबंधन वर्ष 1993 में वाम दल से हार गया।
साठ सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 32 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि इसकी सहयोगी इंडिजेनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को एक सीट मिली है।


Download Android App
Download iOS App



