महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार सूखे से जूझ रहे मराठवाड़ा क्षेत्र के सभी गांवों में एक ‘वाटर ग्रिड’ से पाइपलाइन के जरिए जलापूर्ति की योजना बना रही है। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सभी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली में हाल ही में हुई नीति आयोग की बैठक का एजेंडा था अगले पांच साल में ‘हर घर में नल से जल।’’ उन्होंने कहा कि केन्द्र का नया जल शक्ति मंत्रालय जल संरक्षण और आपूर्ति संबंधी नीतियां बनाएगा और उन्हें लागू करेगा।
कांग्रेस विधायक यशोमति ठाकुर के सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि मराठवाड़ा ग्रिड के लिए 20-25 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत पानी की कमी से जूझ रहे क्षेत्र को अन्य बांधों और जलाशयों से पाइपलाइन के जरिए पानी मुहैया कराया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



