मसूरी : छह बार की विश्व बाॅक्सिंग चैंपियन एमसी मैरी काॅम ने कहा कि मसूरी बहुत खूबसूरत स्थान है। उन्होंने कहा कि वह पहली बार मसूरी आई हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश दिया कि वे जिस क्षेत्र में भी जाना चाहते हैं उसके लिए कड़ी मेहनत करें एक बार सफलता नहीं मिली तो दूसरी बार व बार-बार प्रयास करें। निराश न हों, बल्कि हार से सबक लें, तो एक न एक दिन सफलता जरूर कदम चूमेगी। विश्व बॉक्सिंग चैपिंयन मैरी काॅम बालाहिसार क्षेत्र के होटल राॅयल मेंशन में रूकी हैं तथा दो दिनों तक यहां रही व मालरोड सहित धनोल्टी व टिहरी झील का आनंद लिया।
उन्होंने यहां के मौसम की सराहना की व कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा व बच्चों के साथ पूरा समय बिताया। उन्होंने विशेष कर महिलाओं के लिए कहा कि बाॅक्सिंग सीखें यह आत्मसुरक्षा के साथ ही कैरियर के लिए बहुत उपयोगी है। उन्होंने यह भी कहा कि कड़ी मेहनत व सपने को साकार करने का लक्ष्य बनाये तो सफलता जरूर मिलेगी। जिसकी उदाहरण मैं स्वयं हूं। क्याेंकि मेरे सपने व मेहनत की बदौलत 36 साल की उम्र में छठवीं बार विश्व चैपियनशिप जीती हैं। और मेरा सपना आगामी ओलंपिक है जिसके लिए क्वालिफाई करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हूं।
उन्होंने बताया कि जब पहले वह इस क्षेत्र में जाना चाहती थी तब परिजन तैयार नहीं थे लेकिन वह बाक्सिंग में जाना चाहती थी किसी तरह परिजन तैयार हुए और जब उपलब्धि हासिल की तो आज सभी खुश हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस खेल का विश्व स्तर पर इतना महत्व नहीं रहा क्योंकि जब मैने तीन बार विश्व चैंपियनशिप जीती तो तब भी कोई खास रिस्पांस नहीं मिलता था, लेकिन अब इसका महत्व बढ़ गया है। तब इस मौके पर विधायक गणेश जोशी ने कहा कि मैरीकाॅम देश का गौरव है। उन्होंने कहा कि अगर वह यहां अकादमी खोलना चाहती हैं तो वह सरकार व स्वयं के स्तर पर प्रयास करेंगे।
वही पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भी कहा कि यह हमारा गौरव है वह मसूरी में उनका स्वागत करते हैं। इस मौके पर होटल के एमडी नीरव तोमर ने उनका स्वागत किया व उनका परिचय करवाया। इस मौके पर कविता शुक्ला ने उत्तराखंडी पिछाड़ा भेंट किया। इस मौके पर सीओ एएस रावत, कोतवाल भावना कैंथोला, समीर शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, रजत अग्रवाल, दीपक गुप्ता, श्रीधर शर्मा सहित बड़ी संख्या में पर्यटक व बच्चे मौजूद थे। इस मौके पर लोगों ने जमकर उनके साथ फोटो खिंचवाये व आटोग्राफ भी लिए।
– हरीश कालरा


Download Android App
Download iOS App



