Meghalaya coal mines blast: मेघालय में एक कोयला खदान में ज़बरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 10 मज़दूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, ताशखाई की कोयला खदान में अचानक हुए जोरदार धमाके ने वहां काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना भीषण था कि खदान के भीतर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
Meghalaya News: कैसे हुआ ये हादसा?
प्रशासन की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में अधिकांश मजदूर असम के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया अभी जारी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत मजदूरों में से एक असम के कटिगारा क्षेत्र के बिहारा गांव का निवासी था।
Meghalaya Latest News: पुलिस और बचाव दल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मेघालय पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। खदान के भीतर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की बाधा से बचने के लिए आसपास के इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
Meghalaya coal mines blast: धमाके के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में खदान के भीतर गैस रिसाव या किसी तकनीकी खामी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मजदूरों की सुरक्षा और अवैध खनन पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध खनन गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया है।
यह भी पढ़ें – कैसे हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? इससे पर्दा उठाएगी SIT, इंजेक्शन का एंगल जांच के दायरे में


Download Android App
Download iOS App






