मेघालय सरकार प्रतिबंधित संगठन एचएनएलसी के साथ वार्ता के लिए तैयार : संगमा

Summary :

एचएनएलसी राज्य के उन क्षेत्रों को भारतीय संघ से अलग करने को खुलेआम अपना उद्देश्य घोषित करता रहा है जहां खासी और जयंतिया जनजातियों का बाहुल्य है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन हायनेवत्रेप नेशनल लिबरेशन काउंसिल (एचएनएलसी) के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है, बशर्ते कि वह हथियार डाल दे और कुछ खास शर्तों को मान ले। 
केंद्र ने पिछले कई वर्षों से मेघालय के उग्रवादी संगठन एनएनएलसी की हिंसक और अन्य विध्वंसक गतिविधियां बढ़ने को लेकर उसे पिछले महीने प्रतिबंधित संगठन घोषित कर दिया था। 
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 18 नवंबर को कहा था कि एचएनएलसी राज्य के उन क्षेत्रों को भारतीय संघ से अलग करने को खुलेआम अपना उद्देश्य घोषित करता रहा है जहां खासी और जयंतिया जनजातियों का बाहुल्य है। 
मुख्यमंत्री ने पीटीआई भाषा से कहा,‘‘हम (एचएनएलसी के साथ) बातचीत के लिए तैयार हैं बशर्ते कुछ शर्तें मान ली जाएं। तीन शर्ते हैं, पहला हथियार डाल दिया जाए, दूसरा हिंसा से पूरी तरह किनारा कर लें और बेशर्त आत्मसमर्पण करें।’’ उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार का रूख बिल्कुल स्पष्ट है। इस उग्रवादी संगठन ने हाल ही में अपना सशस्त्र संघर्ष छोड़ने की इच्छा प्रकट की थी और केंद्र एवं राज्य सरकार से शांति पहल का अनुरोध किया था। 

Desk Team