शिलांग : मेघालय में दक्षिण तुरा विधानसभा सीट और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स जिले के रोनीकोर विधानसभा क्षेत्र पर उपचुनाव जारी है। राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा दक्षिण तुरा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अभी वह लोकसभा में तुरा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दोनों सीटों पर मतों की गिनती 27 अगस्त को होगी।
लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष पीए संगमा के बेटे कोनराड इस साल छह मार्च को मुख्यमंत्री बने थे। उनकी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी ने क्षेत्रीय दलों और भाजपा के साथ मिलकर राज्य में सरकार का गठन किया है। मुख्यमंत्री संगमा का इस उपचुनाव में कांग्रेस के शार्लोट डब्ल्यू मोमिन से मुकाबला है और इस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार भी विधानसभा में जाने की कोशिश में हैं। इनमें जान लेस्ली के संगमा और क्रिस काबुल ए संगमा शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स जिले के रोनीकोर विधानसभा क्षेत्र में भी उपचुनाव कराए जा रहे हैं।
इस सीट पर नेशनल पीपुल्स पार्टी के मार्टिन एम डैंगो का मुकाबला यूडीपी के पी मारवेन, पीडीएफ के चेयरमैन पीएन सिएम और कांग्रेस के जे संगमा के साथ है। चुनाव आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, दक्षिण तुरा सीट पर 30 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें 14 हजार 800 से अधिक पुरुष जबकि 15 हजार 351 महिला मतदाता हैं। इस सीट पर कुल 36 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी तरह रानीकोर सीट पर 29 हजार 685 मतदाता 65 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



