पश्चिम बंगाल की भाजपा इकाई ने ‘‘ अटलजी जिंदाबाद ’’ के नारों के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ‘‘ अस्थि-कलश यात्रा ’’ निकाली। रैली में शामिल होने यहां आई केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए सड़कों के किनारे उमड़ी लोगों की भीड़, जिनमें महिलाओं की संख्या अच्छी-खासी है, को देखकर वह अभिभूत हैं।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष और अन्य नेताओं ने रैली निकाली जो मध्य और दक्षिण कोलकाता से होते हुए गंगासागर जाएगी। वहीं पर उनकी अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। पार्टी के एक नेता ने कहा कि रैली के आज शाम तक गंगासागर पहुंचने की उम्मीद है।
वाजपेयी की अस्थियों को पंजाब की नदियों में किया जाएगा प्रवाहित
राज्य भाजपा अध्यक्ष कल शाम को ही ‘अस्थि कलश’ को कोलकाता लेकर आए थे। गंगासागर में गंगा नदी बंगाल की खाड़ी में मिलती है।
पश्चिम बंगाल की भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि मुख्य कलश से कुछ अस्थियों को चार अन्य कलशों में लिया गया है। मुख्य कलश से अस्थियां गंगासागर में प्रवाहित की जाएंगी जबकि चार अन्य कलशों को उत्तर बंगाल, फरक्का, बांकुड़ा और नवद्वीप ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ इन क्षेत्रों के लोग भी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। इसलिए इन्हें वहां ले जाया जाएगा और वहां की नदियों में प्रवाहित किया जाएगा।’’
स्मृति ईरानी ने कहा कि आज ‘‘ अस्थि-कलश यात्रा में लोगों का बड़ी संख्या शामिल होना यह दिखाता है कि वाजयेपी जी के प्रति कितना प्रेम और सम्मान है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ पूर्व प्रधानमंत्री को उसी तरह सम्मान दिया गया जिस तरह हम परिवार में अपने बड़ों को देते हैं। ’’


Download Android App
Download iOS App



