भुवनेश्वर : भाजपा के झंडे थामे कुछ बदमाश ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के कार्यालय में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी के यहां स्थित आवासीय परिसर में आज घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे। पुलिस आयुक्त वाई बी खुरानिया ने बताया कि घटना के बाद कम से चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
बदमाश वीके पांडियन के सरकारी क्वार्टर में घुस गए और फूलदान को क्षतिग्रस्त कर दिया। पांडियन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव हैं। पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे पर गाय का गोबर भी फेंका और आरोप लगाया कि अधिकारी सत्ताधारी बीजद के लिए काम कर रहे हैं और राजनीतिक मामलों में दखलअंदाजी कर रहे हैं।
आवास के एक कर्मचारी ने दावा किया कि हमलावरों ने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताया और वे पार्टी के झंडे तथा तख्तियां थामे हुए थे। उन्होंने उन पर हमला किया और फूलदान तथा परिसर में खड़ी कुछ गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आईएएस अधिकारी से तुरंत टिप्पणी नहीं मिल सकी, जबकि पुलिस आयुक्त ने सरकारी अधिकारी के घर पर हमले को बहुत संगीन मामला बताया जिसकी निंदा होनी चाहिए।
खुरानिया ने कहा कि इसे बर्दाशत नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीजद के प्रवक्ता एवं सांसद प्रताप देब ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि हमला दुर्भाग्यपूर्ण था और यह भाजपा की असल मानसिकता को उजागर करता है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



