गोवा में अल्पसंख्यक समुदाय बीजेपी के लिए वोट करेगा : प्रमोद सावंत

Summary :

प्रमोद सावंत ने कहा, लोकसभा चुनाव देश के लिए हैं। इन चुनावों को विशेष जाति या धर्म तक सीमित नहीं करें। गोवा के कुल मतदाताओं में से करीब 27 प्रतिशत ईसाई हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को विश्वास जताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में इस तटीय राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय बीजेपी के लिए वोट करेगा। सावंत ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाता इससे अवगत हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान अपनी ‘‘समावेशी नीतियों’’ के जरिये देश को किस तरह से आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाता शिक्षित हैं, वे समाचार पत्र पढ़ते हैं, टेलीविजन देखते हैं और मोदी सरकार द्वारा किये गए विकास के बारे में अवगत हैं। वे बीजेपी के साथ हैं।’’ बीजेपी ने अपने वर्तमान सांसदों श्रीपद नाइक और नरेंद्र सवाईकर को क्रमश: उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा लोकसभा सीटों से चुनाव मैदान में उतारा है जहां मतदान 23 अप्रैल को होगा।

प्रमोद सावंत ने कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव देश के लिए हैं। इन चुनावों को विशेष जाति या धर्म तक सीमित नहीं करें।’’ गोवा के कुल मतदाताओं में से करीब 27 प्रतिशत ईसाई हैं। सावंत ने कहा कि गोवा से संबंधित मुद्दे जैसे खनन बहाली, पर्यटन विकास, आधारभूत ढांचे के सुधार और धांगर समुदाय को अनुसूचित जनजाति के तहत शामिल करने को बीजेपी के घोषणापत्र में शामिल करने का सुझाव दिया गया था।

सहयोगियों के समर्थन संबंधी एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के गठबंधन सहयोगी दल जैसे गोवा फारवर्ड पार्टी और निर्दलीय अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं।

Desk Team