महाराष्ट्र विधानसभा में सोमवार को हुए शक्ति परीक्षण से ठीक पहले शिवसेना विधायक संतोष बांगर के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में शामिल होने से समर्थक असमंजस में हैं, क्योंकि बगावत के शुरुआती दिनों में वह वीडियो में बागियों से वापस आने की अपील करते दिखाई दिए थे और इस दौरान वह रोते नजर आए थे।
बिना किसी दाग के हिंदु्त्व को ऊंचा रखना सभी का कर्तव्य
हिंगोली के कलामनुरी से विधायक बांगर एक वीडियो में रोते हुए और यह कहते नजर आए थे कि राज्य में माहौल खराब हो गया है तथा शिंदे के साथ सभी असंतुष्टों को पार्टी में वापस आ जाना चाहिए, क्योंकि उद्धव ठाकरे उन्हें निश्चित रूप से माफ कर देंगे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और बाल ठाकरे की अनुयायी के रूप में शिवसेना की प्रशंसा की थी और कहा था कि हिंदुत्व के भगवा ध्वज को बिना किसी दाग के ऊंचा रखना सभी का कर्तव्य है।
सतोंष बांगर के शामिल होने से बागी विधायकों की संख्या हुई 40
शिंदे ने सोमवार को सदन के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन राज्य विधानसभा में महत्वपूर्ण शक्ति परीक्षण में जीत हासिल की। 288 सदस्यीय सदन में 164 विधायकों ने विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि 99 ने इसके खिलाफ मतदान किया। शक्ति परीक्षण से पहले बांगर मुख्यमंत्री शिंदे के गुट में शामिल हो गए, जिससे उनके गुट वाले शिवसेना विधायकों की संख्या 40 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



