मध्य प्रदेश विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरु होगा।मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव ए पी सिंह ने रविवार को बताया कि इस सत्र के लिए विधानसभा में प्रवेश हेतु कोविड-19 रोधी टीका लगवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कुल चार बैठकें होंगी और 12 अगस्त को यह सत्र समाप्त हो जाएगा।
सिंह ने बताया कि विधानसभा सचिवालय को विधायकों से कुल 1184 प्रश्न और 236 ध्यानाकर्षण नोटिस प्राप्त हुए हैं।इसी बीच, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सत्र के सुचारु संचालन के लिए रविवार दोपहर को सर्वदलीय बैठक की, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ एवं संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा शामिल थे।
बैठक के बाद गौतम ने मीडिया को बताया कि मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय द्वारा सदस्यों के उपयोगार्थ तैयार की गई “असंसदीय शब्द एवं वाक्यांश संग्रह” पुस्तिका का विमोचन भी रविवार को किया गया है।गौतम ने कहा कि विधायक इस पुस्तिका का अध्ययन करें और ऐसे असंसदीय शब्दों एवं वाक्यांशों का उपयोग सदन में न करें।


Download Android App
Download iOS App



