मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के 4 उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिल रही उत्साहजनक बढ़त पर प्रसन्नता जताते हुए आज कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य सरकार और संगठन को मिलने का प्रतीक है। शिवराज चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्य हुए हैं। राज्य की भाजपा सरकार भी लगातार जनकल्याण के कार्यों में जुटी है। संगठन ने भी काफी बेहतर कार्य किया है। इन सब कामों को जनता का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है।
रुझानों पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की प्रतिक्रियाओं के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि वह पराजय की पूर्व भूमिका बनाने का प्रयास कर रही है। खंडवा संसदीय उपचुनाव में भाजपा सीट पर कब्जा बरकरार रखती हुयी नजर आ रही है। लगभग 10 दौर की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी से लगभग 40 हजार मतों से आगे हो गए हैं। जोबट (अजजा) विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की सुलोचना रावत कांग्रेस के महेश पटेल से 10 दौर की मतगणना के बाद लगभग 7 हजार मतों से आगे हो गयी हैं। इस सीट पर पहले कांग्रेस का कब्जा था।
इसके अलावा कांग्रेस के कब्जे वाली पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के शिशुपाल सिंह यादव लगभग चार हजार मतों से आगे हैं। पूर्व मंत्री बृजेंद, सिंह राठौर के पुत्र एवं कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र राठौर पिछड़ गए हैं और कांग्रेस यह सीट गंवाती हुई दिख रही है। सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट पर कांटे का मुकाबला दिख रहा है। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा भाजपा की प्रतिमा बागरी से लगभग एक हजार मतों से आगे हो गयी हैं। शुरूआत में यहां भाजपा आगे थी। फिर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। यह सीट भाजपा के कब्जे में थी।


Download Android App
Download iOS App



