MP में कल से होगा बजट सत्र का आगाज, सर्वदलीय बैठक में नरोत्तम और कमलनाथ के बीच हुई तनातनी

Summary :

मध्यप्रदेश विधानसभा के कल से प्रारंभ हो रहे बजट सत्र के पहले आज अध्यक्ष गिरीश गौतम की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक संपन्न हुई।

मध्यप्रदेश विधानसभा के कल से प्रारंभ हो रहे बजट सत्र के पहले आज अध्यक्ष गिरीश गौतम की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक संपन्न हुई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 25 मार्च तक चलने वाले 19 दिवसीय बजट सत्र के दौरान कुल 13 बैठकें प्रस्तावित हैं। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से वित्त वर्ष 2022-23 के लिए वार्षिक बजट भी पेश किया जाएगा।
जानें कौन रहा सर्वदलीय बैठक में मौजूद 
इसके पहले आज हुई सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, कांग्रेस दल के मुख्य सचेतक गोविंद सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक राकेश शुक्ला और प्रमुख सचिव ए पी सिंह उपस्थित रहे। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री डॉ मिश्रा ने बताया कि बैठक में सत्र चलाने को लेकर आम सहमति बनी है। जो विषय सामने आएंगे, उन पर चर्चा होगी।
नरोत्तम ने किया कमलनाथ पर कटाक्ष 
वहीं, इस बैठक में राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के नेता कमलनाथ को लेकर एक बयान दिया। उन्होंने कहा कि “कमलनाथ से प्रार्थना है कि वे सदन में पूरे समय मौजूद रहें, सदन में वो नहीं दिखते तो कांग्रेस में जिसे जो दिखता है वह वैसा करता है।” बता दें कि पिछले सत्र में कमलनाथ चले गए थे। इसपर कमलनाथ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ”मुझे पूरे समय तक विधानसभा में रहने की आवश्यकता नहीं है।  कांग्रेस में कई वरिष्ठ साथी हैं, मेरे सहयोगी हैं वे विधानसभा संभाल लेते हैं।”  
बैठक में उठा यूक्रेन के मुद्दा 
वहीं इस बैठक में यूक्रेन का मुद्दा भी उठा और मिश्रा ने बताया कि यूक्रेन में फंसे मध्य प्रदेश के लोगों को लेकर बहुत ही अच्छी खबर है। उन्होंने कहा, 454 में से 421 लोग वतन वापस लौट चुके है, उन्होंने कहा कि कुछ लोग बहुत जल्द वापस लौट आएंगे। बताते चलें कि बजट सत्र शुरू होने से पहले अध्यक्ष गौतम ने तैयारियों का अवलोकन किया और आवश्यकतानुसार दिशानिर्देश दिये। इस मौके पर प्रमुख सचिव ए पी सिंह भी मौजूद रहे। सत्र के दौरान नौ मार्च को मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार, 2021 के पुरस्कार वितरण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उपस्थित रहेंगे।

Desk Team