मध्य प्रदेश में दो युवतियों ने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस मामले में जांच शुरू होने से पहले ही बीजेपी के प्रदेश कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने सफाई दी कांग्रेस पार्टी पर हमलावर हो गई। दरअसल, एक लड़की ने वीडियो जारी करके कहा उसके साथ राजधानी भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर में एक बुजुर्ग कार्यकर्ता ने छेड़छाड़ की है।
घटना पर BJP की सफाई
वीडियो सामने आते ही राघवेंद्र शर्मा ने दावा किया है कि 200 स्क्वायर फीट के कमरे में लाइब्रेरी है, जिसमें 10-12 लाेग बैठते हैं। सुबह 11 बजे तो घटना होना संभव नहीं, फिर भी जांच की जा रही है। पूरे ऑफिस में CCTV लगे हैं, लाइब्रेरी में भी कैमरा है। अगर ऐसा कुछ हुआ होगा, तो जांच में सच सामने आ जाएगा।
वहीं बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष माया नारोलिया ने कहा, ‘मैंने सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो देखा था। इसमें कितनी सत्यता है, इसे लेकर प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी जांच कर रहे हैं। वैसे तो ऐसी घटना नहीं हो सकती, लेकिन जांच में सच सामने आ जाएगा। यदि घटना हुई है, तो संगठन एक्शन लेगा।’
BJP की सफाई पर कांग्रेस का हमला
राघवेंद्र शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ वाला इनका नारा ढोंग है, सच सबके सामने आ गया है। अगर महिलाओं के साथ हैं, तो पीड़ित को इंसाफ दिलाएं। वहीं पीड़ित का कहना है कि वह मीडिया के सामने कुछ नहीं बोलना चाहती। उसने संगठन के सामने पक्ष रख दिया है।
क्या है मामला
पीड़ित लड़की ने वीडियो जारी करते हुए कहा, वह अपना राजनीतिक ज्ञान बढ़ाने के लिए बीजेपी दफ्तर स्थित नानाजी देशमुख लाइब्रेरी में जाती थी। लड़की ने वीडियो में आगे कहा, ”दफ्तर की लाइब्रेरी में 12 मार्च को एक बुजुर्ग उनके पास आकर बैठ गया और छेड़छाड़ करने लगा। वह कहता था कि तुम्हारे पास मोटरसाइकिल है, तो घर तक छोड़ दिया करो। मेरी एक सहेली पर भी उसने डोरे डाले। सहेली के साथ ऐसी नौबत ला दी कि बुजुर्ग को व्हाट्सएप और अन्य जगहों से भी ब्लॉक करना पड़ा।”


Download Android App
Download iOS App



