मप्र : संपत्ति विवाद को लेकर दलित महिला ने खुद को आग लगाकर की खुदकुशी

Summary :

पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह करीब 50 मीटर दूर अपने घर में गई और केरोसिन तेल अपने ऊपर डाल कर खुद को आग लगा लिया।

सतना : सतना जिले के गिंजारा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर अगड़ी जाति के कुछ लोगों द्वारा अपशब्द कहने एवं मारपीट करने से व्यथित होकर 45 वर्षीय एक दलित महिला ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर सोमवार को खुदकुशी कर दी। सतना जिले के पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, ‘‘मृतका के बच्चों के बयान पर राधा अहिरवार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में अनंत ब्राह्मण और उसके दो भाइयों मनोज ब्राह्मण एवं सुलक्षण ब्राह्मण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, हमने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचारों की रोकथाम) एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है।’’ 
उन्होंने कहा कि राधा अहिरवार और इन आरोपियों की जमीन को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। पटवारी दीपिका बागरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार सोमवार शाम को नागौद पुलिस थाने इलाके में एक सरकारी स्कूल के नजदीक इस जमीन की माप करने के लिए वह मौके पर आई थी, ताकि मामला सुलझाया जा सके। इसी बीच दोनों पक्षों में तीखी तकरार होने लगी और आरोपियों ने इस आदिवासी महिला के साथ हाथापाई की और अपशब्द कहे। इकबाल ने बताया कि इसके बाद वह करीब 50 मीटर दूर अपने घर में गई और केरोसिन तेल अपने ऊपर डाल कर खुद को आग लगा लिया। इससे वह बुरी तरह से जल गई। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार रात को उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। 

Desk Team