बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की महापौर किशोरी पेडनेकर ने गुरुवार को कहा कि मुंबई को शुक्रवार को कोविशील्ड की 87,000 खुराकें मिलने की संभावना है और इसके अगले दिन टीकाकरण अभियान बहाल हो जाएगा। बीएमसी ने पूर्व में बताया था कि टीके की पर्याप्त खुराकें उपलब्ध नहीं रहने के कारण मुंबई में बीएमसी और महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित केंद्रों पर बृहस्पतिवार को टीकाकरण अभियान रोक दिया गया गया।
मुंबई में कोविड-19 टीकाकरण के लिए कुल 342 केंद्र में 243 का संचालन बीएमसी और 20 का संचालन राज्य सरकार कर रही है। पेडनेकर ने संवाददाताओं से कहा कि शुक्रवार को कोविशील्ड टीके की 87,000 खुराकें मिलने की संभावना है जिसके अगले दिन टीकाकरण अभियान बहाल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले छात्रों को अगस्त तक टीके की दोनों खुराकें देने के प्रयास किए जाएंगे।
महापौर ने कहा कि बीएमसी किसी एजेंट से कोविड-19 रोधी टीके की खरीदारी नहीं करेगी। बीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में अब तक 33,74,261 लोगों को टीके की खुराकें दी गयी हैं। इनमें से 49,833 खुराकें बुधवार को दी गयी। मुंबई में म्यूकर मायकोसिस (ब्लैक फंगस) के तेजी से बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए पेडनेकर ने कहा कि बीएमसी ने बीमारी के उपचार के लिए जरूरी दवा की खरीदारी की है। फंगल संक्रमण को रोकने के लिए समुचित कदम उठाए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



