न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स मैदान पर पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। क्रिकेट के लॉर्ड्स मैदान पर सेंचुरी जड़ना हर एक बल्लेबाज का अरमान होता है। इस दौरान न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे का ये सपना पूरा हो गया है। जी हां ने अपने डेब्यू टेस्ट में यह कारनामा कर दिखाया है। न्यूजीलैंड ने डेवोन कॉनवे को टेस्ट डेब्यू में मौका दिया जहां उन्होंने खुद को साबित कर दिया। सीमित ओवर में शानदार प्रदर्शन करने वाले कॉनवे ने बुधवार को शानदार बल्लेबाजी करते हुए एतिहासिक शतकीय पारी खेल डाली। मैच का पहला दिन कॉनवे के नाम रहा, जो 136 रन बनाकर नॉटआउट लौटे हैं।

ऐसे में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने लार्ड्स में अपने पदार्पण टेस्ट मैच में सर्वाधिक स्कोर बनाने का पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का 25 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया। गांगुली की तरह बायें हाथ के बल्लेबाज कॉनवे इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन के बाद 136 रन पर खेल रहे थे। इस बीच उन्होंने गांगुली के 131 रन के रिकार्ड को पीछे छोड़ा।

दक्षिण अफ्रीका में जन्में 29 वर्षीय कॉनवे इस ऐतिहासिक स्थल पर अपने पदार्पण मैच में शतक जड़ने वाले दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गये हैं।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वर्तमान अध्यक्ष गांगुली ने 1996 में लार्ड्स में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और 131 रन की पारी खेली थी। दिलचस्प बात यह है कि गांगुली और कॉनवे दोनों का जन्मदिन आठ जुलाई हैं हालांकि दोनों की उम्र में 20 साल का अंतर है।

इस शतक से कॉनवे लार्ड्स पर टेस्ट पदार्पण पर शतक बनाने वाले तीसरे विदेशी खिलाड़ी बन गये हैं। आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज हैरी ग्राहम ने 1893 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट पदार्पण पर यहां 107 रन बनाये थे। कॉनवे ने तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन पर छक्का जड़कर अपना शतक शानदार तरीके से पूरा किया था।


Download Android App
Download iOS App



