महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के मंत्री और विधायक नवाब मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन करेंगे। धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तार नवाब मलिक रात भर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में थे।
तीन मार्च तक के लिए ईडी की हिरासत
ईडी ने महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नवाब मलिक को धनशोधन के एक मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मलिक को धनशोधन मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें तीन मार्च तक के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया।
आर एन रोकड़े के अदालत कक्ष में पेश किया
मलिक को धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) से संबद्ध मामलों की सुनवाई करने वाले विशेष न्यायाधीश आर एन रोकड़े के अदालत कक्ष में पेश किया गया। न्यायाधीश ने उन्हें मामले में आगे की जांच के लिए तीन मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी का कहना है कि यह जांच, भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम, उसके सहयोगियों आौर मुंबई अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों से संबंधित है।
25 फरवरी से एमवीए के कार्यकर्ता राज्यभर में मोर्चा निकालेंगे
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता मलिक (62) से दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट इलाके में ईडी के दफ्तर में करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण मुंबई में स्थित राज्य सचिवालय, मंत्रालय के पास एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे। इसके बाद 25 फरवरी से तीनों एमवीए दलों के कार्यकर्ता राज्यभर में मोर्चा निकालेंगे।


Download Android App
Download iOS App



