कमलनाथ के CD वाले बयान पर नरोत्तम का पलटवार, कहा- आपराधिक सबूत छिपाना है शोध और जांच का विषय

Summary :

हनीट्रैप मामले की पेनड्राइव होने का दावा करने के बाद कमलनाथ पर नरोत्तम मिश्रा ने हमला बोलते हुए कहा कि जो व्यक्ति आपराधिक सबूत छिपा सकता है, उसने अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में और भी महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज गायब किए होंगे।

हनीट्रैप मामले की पेनड्राइव होने का दावा करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ पर आज मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हमला बोलते हुए कहा कि जो व्यक्ति आपराधिक सबूत छिपा सकता है, उसने अपने मुख्यमंत्री काल में और भी महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज गायब किए होंगे।
राज्य सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने वीडियो संदेश के जरिए कहा कि कमलनाथ का हनीट्रैप से जुड़ ताजा बयान शोध और जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि विधायक और नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे कमलनाथ हनीट्रैप की सीडी उनके पास होने की बात कह रहे हैं। जिस आपराधिक कृत्य की जांच हाईकोर्ट द्वारा गठित एसआईटी ने की, जो मामला अब भी अदालत में लंबित है, उसका सबूत वो दबाकर बैठे हैं।
मिश्रा के मुताबिक कमलनाथ ने स्वयं कहा है कि जब वे मुख्यमंत्री थे, तब यह सीडी पुलिस अधिकारियों से हासिल हुयी थी। अब सवाल यह उठता है कि जो व्यक्ति पद का दुरुपयोग कर सकता है। उसने न जाने कितने महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज गायब किये होंगे। गृह मंत्री ने कहा कि कमलनाथ गलतफहमी में हैं कि वह हनीट्रैप की सीडी के नाम पर सरकार को ब्लैकमेल कर लेंगे। मिश्रा ने कहा कि वे चुनौती देते हैं कि हिम्मत है तो वह सीडी सामने पेश करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कमलनाथ ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उससे कई कांग्रेसियों के ही चेहरे बेनकाब हो जाएंगे।
कमलनाथ के ‘आग लगाने’ वाले सोशल मीडिया में चल रहे वीडियो के परिप्रेक्ष्य में मिश्रा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि लगता है कि कमलनाथ की उत्पत्ति ही आग से हुई है। देश में आपातकाल के दौरान वह भागीदार रहे हैं। वर्ष 1984 के दंगों में लोगों के घर जलाए गए और अब मध्यप्रदेश के बारे में इस तरह की बात की जा रही है।

Desk Team