मध्य प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए शिवराज सरकार जल्द ही ‘गैंगस्टर एक्ट’ लाने वाली है। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार संगठित अपराधों को रोकने के लिए बहुत जल्द गैंगस्टर एक्ट लेकर आ रही है।
गृहमंत्री ने कहा, समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों और संगठित अपराध की श्रेणी में आने वाले जहरीली शराब और खनिज माफिया जैसे अन्य अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए यह कानून बनाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश मे कांग्रेस समेत कुछ राजनीतिक दल विभाजनकारी राजनीति के साथ-साथ सिर्फ जातिगत राजनीति करते हैं। मिश्रा ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और उनकी पार्टी का कोई राजनीतिक आधार नहीं है, वह केवल जातीय आधार पर राजनीति करते हैं। लोकतंत्र में किसी भी एक जाति के आधार पर कोई सरकार नहीं बनती है।
गणेश उत्सव को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि गणेश उत्सव में श्रद्धालु कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए डीजे का उपयोग कर भजन-कीर्तन के कार्यक्रम का आयोजन कर सकते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगभग नियंत्रण में है और सरकार की पूरी कोशिश है कि कोरोना फिर दस्तक नहीं देने पाए।
उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के सिर्फ 5 नए केस आए हैं। प्रदेश में कुल एक्टिव केस 134 हैं और रिकवरी रेट 98.60 प्रतिशत है तथा प्रदेश में कल कोरोना के 70,430 टेस्ट हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



