महाराष्ट्र में टूटा प्रकृति का कहर, भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद जारी हुआ अलर्ट, उठाए जा रहे एहतियाती कदम

Summary :

कोंकण क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा अगले तीन दिन में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर ठाणे और पड़ोसी पालघर प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है।

कोंकण क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा अगले तीन दिन में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर ठाणे और पड़ोसी पालघर प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है। महाराष्ट्र के इन दोनों जिलों के जिलाधिकारियों ने सोमवार रात अलग-अलग आदेश जारी किए और लोगों से नदी, तालाब तथा अन्य जलाशयों से अगले कुछ दिनों तक दूर रहने और यात्रा करने से बचने की अपील की है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने कोंकण क्षेत्र के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और नौ सितंबर तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
प्रदेश में 10 सितंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय गणेश उत्सव के मद्देनजर, ठाणे के जिलाधिकारी राजेश नार्वेकर और पालघर के उनके समकक्ष डॉ. माणिक गुरसाल ने नागरिकों से यात्रा करते समय अधिक सावधान रहने और झीलों, नदियों तथा अन्य जलाशयों के पास नहीं जाने का कहा है। आदेश में मछुआरों के भी समुद्र तथा अन्य जलाशयों में जाने पर रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासनों ने लोगों से उन नदियों पर बने पुल का इस्तेमाल नहीं करने को कहा है, जिनमें बाढ़ आई हुई है।
उन्होंने लोगों से घर पर आवश्यक वस्तुओं को पर्याप्त मात्रा में रखने और अपने मकानों में लगे बिजली के मीटर को बाढ़ के पानी से बचाने के लिए भी कहा है। नागरिकों से कहा गया है कि वे जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठों द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों पर नजर रखें और अफवाहों पर ध्यान ना दें। अधिकारियों ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अपने क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।

Desk Team