समीर वानखेड़े के खिलाफ NCB की जांच शुरू, जल्द दर्ज होंगे गवाहों के बयान

Summary :

एनसीबीकी सतर्कता (विजिलेंस) टीम और एसीपी स्तर के मुंबई पुलिस अधिकारी ने एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े के खिलाफ ‘जबरन वसूली’ के आरोपों और अन्य मुद्दों की स्वतंत्र जांच शुरू की है।

मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल अफसर समीर वानखेड़े पर लगे गंभीर आरोपों की जांच शुरू हो गई है। एनसीबीकी सतर्कता (विजिलेंस) टीम और एसीपी स्तर के मुंबई पुलिस अधिकारी ने एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े के खिलाफ ‘जबरन वसूली’ के आरोपों और अन्य मुद्दों की स्वतंत्र जांच शुरू की है। क्रूज ड्रग्स केस के एक गवाह प्रभाकर सैल ने आर्यन खान को छोड़ने के एवज में 25 करोड़ रुपए की डील का आरोप लगाया है।
एनसीबी के उप महानिदेश ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि दिल्ली से 5 सदस्यों की टीम मुंबई पहुंच चुकी है। इस टीम का गठन प्रभाकर सैल के आरोपों की जांच के लिए किया गया है। एनसीबी कार्यालय से कागजात और सभी रिकॉर्ड लिए गए हैं। इसके अलावा गवाहों को भी बुलाया गया है। हमने मामले की जांच शुरू कर दी है और गवाहों के बयान जल्द लिए जाएंगे। जांच में जिस भी गवाह की जरुरत होगी उसे बुलाया जाएगा, लेकिन मैं अभी किसी का नाम नहीं लूंगा।
वानखेड़े के खिलाफ चलेंगी दो स्वतंत्र जांच 
एनसीबी की टीम जांच के लिए स्वतंत्र गवाह प्रभाकर सैल को तलब करने के अलावा वानखेड़े का बयान दर्ज किया। समीर वानखेड़े के खिलाफ मुंबई के अलग-अलग थानों में दर्ज कम से कम चार शिकायतें अब एसीपी संभालेंगे, जो मामले की जांच करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार करेंगे। वानखेड़े के खिलाफ दो स्वतंत्र जांच चलेंगी। उन पर पिछले तीन हफ्तों के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मंत्री नवाब मलिक द्वारा कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि 23 अक्टूबर के सैल के हलफनामे में भी वानखेड़े के खिलाफ कई आरोप लगाए गए हैं।

क्रूज ड्रग्स मामले में नवाब मलिक का बड़ा खुलासा, कहा- महाराष्ट्र सरकार से नहीं, केंद्र से मिली थी पार्टी की अनुमति

अन्य बातों के अलावा, सैल ने दावा किया था कि एक अन्य एनसीबी स्वतंत्र गवाह कथित तौर पर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान से 18 करोड़ रुपए निकालने के लिए एक माध्यम के रूप में काम कर रहा था, जिसमें से 8 करोड़ रुपए कथित तौर पर वानखेड़े के लिए थे। आरोप के अनुसार, यह वसूली शाहरुख के बेटे आर्यन खान को छोड़ने की एवज में की जानी थी।  
बता दें कि प्रभाकर सैल, किरण गोसावी का बॉडीगार्ड रहा है। प्रभाकर का दावा है कि गोसावी ने आर्यन खान को छोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपए की मांग की थी। गोसावी वहीं शख्स है जो आर्यन खान के साथ सेल्फी लेकर चर्चा में आया था। कुछ अन्य तस्वीरों के जरिए यह दावा किया जा रहा है कि गोसावी, समीर वानखेड़े के साथ खड़ा नजर आ रहा है।

Desk Team