महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता राजेश टोपे के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के विधायक बबनराव लोणीकर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
लोणीकर ने गुरुवार को जालना के जिलाधीश कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए जिला योजना समिति विकास निधि के असमान वितरण का गुरुवार को आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके निर्वाचन क्षेत्र परतूर में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजा राशि जारी नहीं की गयी।
टोपे, जालना जिले के संरक्षक मंत्री हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं ने विभिन्न पुलिस थानों में लोणीकर के खिलाफ शिकायतें दर्ज करायी। पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राकांपा कार्यकर्ता शिवप्रसाद चांगले ने लोणीकर के खिलाफ अपमान करने और भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में जालना के अंबाड पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।


Download Android App
Download iOS App



