गोवा में राकांपा के एकमात्र विधायक चर्चिल अलेमाओ ने महाराष्ट्र की तरह गोवा में भी गैर-भाजपा मोर्चा बनाने के शिवेसना नेता संजय राउत की भविष्यवाणी को खारिज कर दिया। राउत ने शुक्रवार को गोवा के कुछ गैर-भाजपा विधायकों के साथ बैठक के बाद कहा था कि ‘आप जल्द ही गोवा में बड़ा बदलाव देखेंगे, जहां भाजपा ने अनैतिक तरीके से सरकार बनाई हुई है।’’
चर्चिल ने रविवार को दक्षिण गोवा में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ‘अच्छा काम’ कर रहे हैं। साथ ही वह गोवा के एक बड़े वर्ग का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं।
अलेमाओ ने कहा, ‘मैं फिलहाल सरकार में किसी तरह के बदलाव का समर्थन नहीं करता। पवार साहब की ओर से इस बारे में (मोर्चा बनाने को लेकर) मुझसे संपर्क नहीं किया गया। अगर वह मुझसे संपर्क करते हैं तो मैं उन्हें जो बताना होगा, बताऊंगा।’
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 27 विधायक हैं। कांग्रेस के 10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा को विधानसभा में बहुमत हासिल हो गया था। हालांकि राकांपा विधायक अलेमाओ ने सावंत सरकार को समर्थन नहीं दिया था।


Download Android App
Download iOS App



