संक्रमण की कड़ी तोड़ना आवश्यक, 30 अप्रैल तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें : चौहान

Summary :

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए जनता से अपील की और कहा कि आगामी 30 अप्रैल तक कोई भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकले।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की कड़ी को तोड़ने के लिए जनता से अपील की और कहा कि आगामी 30 अप्रैल तक कोई भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकले। 
चौहान ने कहा कि महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए संक्रमण की कड़ी को तोड़ना बहुत आवश्यक है। 
उन्होंने जनता से अपील की, ‘‘आगामी 30 अप्रैल तक कोई भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकले। गाँव, मोहल्लों, कॉलोनियों, बिल्डिंग्स आदि में लोग जनता कर्फ्यू लगाएँ। इस दौरान आवश्यक वस्तुएँ दो-चार व्यक्ति जाकर ले आएँ। बाहर जाते समय मास्क अनिवार्य रूप से लगाएँ। सामाजिक दूरी रखें तथा अन्य कोरोना संबंधी सावधानियों का पालन करें।’’ 
चौहान ने कहा है कि कोरोना का संकट अत्यंत विकट है। यह एक युद्ध है, जिसमें सबको सारे मतभेद भुलाकर एकजुट होकर लड़ना पड़ेगा। सरकार अपने स्तर पर पूरे प्रयास कर रही है, परन्तु जब तक समाज का पूरा सहयोग नहीं मिलेगा, हम कोरोना को शीघ्र नियंत्रित नहीं कर पाएंगे। 
उन्होंने कहा कि बीमारी के थोड़े भी लक्षण दिखने पर तुंरत जाँच करवायें तथा घर में पृथक-वास अथवा कोविड देखभाल केंद्र में रहकर इलाज लें। यहाँ सरकार द्वारा दवाओं, डॉक्टर के परामर्श आदि की पूरी व्यवस्था की गई है। 
चौहान ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी के सहयोग से इस लड़ाई को जल्द जीता जाएगा। 

Shera Rajput