इन दिनों केरल में एक विवाद बढ़ता जा रहा हैं। केरल में राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) के दौरान छात्राओं को अंत:वस्त्र उतारकर परीक्षा देने के लिए मजबूर करने के आरोप में बृहस्पतिवार को पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया।
इस मामले में एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक शैक्षणिक संस्थान में हुई नीट परीक्षा के पर्यवेक्षक और परीक्षा समन्वयक से पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में अब गिरफ्तार हो चुके लोगों की संख्या सात हो गई है।
अभी तक सात लोग हुए अरेस्ट
हालांकि, नीट परीक्षा की ड्यूटी में तैनात रहीं पांच महिलाओं को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से तीन एक एजेंसी के लिए काम करती हैं, जिसकी सेवाएं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) लेती है, जबकि दो महिलाएं अयूर में एक निजी शैक्षणिक संस्थान के लिए काम करती है, जहां यह घटना हुई थी।
बता दें, यह कथित घटना केरल में कोल्लम जिले के अयूर में नीट(स्नातक)-2022 परीक्षा के एक केंद्र पर हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि एनटीए ने कोल्लम का दौरा करने के लिए एक तथ्य अन्वेषण समिति का गठन किया है। यह समिति चार हफ्तों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।


Download Android App
Download iOS App



