कर्नाटक में पत्थर की खदान में हुए विस्फोट की जांच के लिए NGT ने की समिति गठित

Summary :

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने कर्नाटक के चिक्कबलपुर में पत्थर की एक खदान में कुछ दिन पहले जिलेटिन से हुए विस्फोट की घटना की जांच के लिए छह सदस्यीय एक समिति गठित की है।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने कर्नाटक के चिक्कबलपुर में पत्थर की एक खदान में कुछ दिन पहले जिलेटिन से हुए विस्फोट की घटना की जांच के लिए छह सदस्यीय एक समिति गठित की है और उसे घटना के कारणों के बारे में एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
चिक्कबलपुर के हीरेंगावल्ली गांव में पत्थर की एक खदान में 22 फरवरी को हुए विस्फोट की इस घटना में छह लोगों की मौत हो गयी थी। एनजीटी अध्यक्ष ए के गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने घटना के बारे में मीडिया में आयी खबर का संज्ञान लिया और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी), कर्नाटक के खान निदेशक और चिक्कबलपुर के जिलाधिकारी को नोटिस जारी किया है।
पीठ ने कहा, ‘‘ हमने सीपीसीबी एवं राज्य पीसीबी के अधिकारियों, चिक्कबलपुर के जिलाधिकारी, खान महानिदेशक के प्रतिनिधि, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुख्य विस्फोट नियंत्रक (नागपुर), कर्नाटक के खान निदेशक की छह सदस्यीय संयुक्त समिति बनायी है, जो अधिकरण को रिपोर्ट सौंपेगी।’’ एनजीटी ने कहा कि समिति छह सप्ताह के अंदर घटनास्थल पर जायेगी एवं घटना के कारणों के बारे में अपनी रिपोर्ट अधिकरण को सौंपेगी।

Desk Team