राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गिरफ्तार आरटीआई कार्यकर्ता और किसान नेता अखिल गोगोई के गुवाहाटी स्थित आवास पर गुरुवार को छापा मारकर विभिन्न दस्तावेज और एक लैपटॉप जब्त किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विभिन्न किसान संगठनों को सलाह देने वाले कार्यकर्ता अखिल को नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
आतंकवाद रोधी बल एनआईए के अधिकारियों ने गुवाहाटी के निजारापाडा इलाके में गोगोई के घर छापेमारी की और उनके पैन कार्ड की प्रतियां, एसबीआई डेबिट कार्ड, मतदाता फोटो पहचान पत्र और बैंक की पासबुक जब्त कर ली। सुबह सात बजे खत्म हुई छापेमारी तीन घंटे तक चली, जिसके बाद गोगोई की पत्नी गीताश्री तामुली ने पत्रकारों को जब्त की गई चीजों की सूची दिखाई, जिनमें सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार द्वारा जारी पंजीकरण प्रमाण पत्र, एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद मिलन कुमार चौले का पत्र और “जेल डायरी 2014” समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
रैली में बोलीं ममता-जब तक CAA वापस नहीं लिया जाता, तब तक जारी रहेंगे प्रदर्शन
तामुली ने कहा, “वे (एनआईए) हमारे घर में रखी फाइलें देखना चाहते थे और उनमें से कुछ को अपने साथ ले गए। मैंने उनसे जब्त की गई चीजों की प्रतियां देने के लिये कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। मुझसे यह भी पूछा गया कि अखिल पहले जब जेल गए थे तो क्या उग्रवादियों से मिले थे।” तामुली ने कहा कि एनआईए की टीम ने काजीरंगा में केएमएसएस आर्किड पर्यावरण पार्क से संबंधित दस्तावेज भी मांगे, लेकिन उन्होंने बताया कि उन्हें उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
केएमएसएस के अध्यक्ष राजू बोरा ने बताया कि शहर के गांधी बस्ती इलाके में स्थित के कृषक मुक्ति संग्राम समिति (केएमएसएस) के कार्यालय में भी छापेमारी की गई जिसमें चीन के क्रांतिकारी नेता माओ जेदोंग के जीवन पर आधारित पुस्तक और मार्क्सवादी किताब समेत नौ पुस्तकें तथा केएमएसए की पुस्तिकाएं जब्त की गईं। केएमएसएस के नेता गोगोई की एनआईए हिरासत शुक्रवार को खत्म हो रही है। उन्हें नयी दिल्ली से लाकर यहां एक
अदालत में पेश किया जाएगा। एनआईए ने गोगोई पर “आतंकवादी गतिविधियों” में शामिल होने और नागरिकता (संशोधन) विधेयक को विभिन्न समूहों के बीच द्वेष पैदा करने के लिये इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है जोकि राष्ट्रीय अखंडता के खिलाफ है। उनपर प्रतिबंधित भाकपा (माओवाद) से जुड़े होने का भी आरोप है।


Download Android App
Download iOS App



