पुलिस ने अदालत में कहा- वरिष्ठ अधिकारी करते हैं यौन अपराधों के मामलों की निगरानी

Summary :

यौन अपराधों की गंभीर प्रकृति से पूरी तरह से अवगत है और वह पूरा प्रयास कर रही है कि ऐसे मामलों की जांच कुशल और समयबद्ध तरीके से हो।

पुलिस ने दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष कहा है कि यौन अपराधों के मामलों की जांच के लिए जिलों में विशेष जांच दल (एसआईटी) की जरूरत नहीं है क्योंकि प्राथमिकी दर्ज होने से जांच पूरी होने तक उनकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाती है।
एक जनहित याचिका में मांग की थी कि यौन अपराधों के मामलों की जांच के लिए जिलों में एसआईटी का गठन किया जाना चाहिए। दिल्ली पुलिस ने मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति सी हरि शंकर की पीठ के समक्ष दायर हलफनामे में कहा कि वह यौन अपराधों की गंभीर प्रकृति से पूरी तरह से अवगत है और वह पूरा प्रयास कर रही है कि ऐसे मामलों की जांच कुशल और समयबद्ध तरीके से हो।
इसमें आगे कहा गया है कि विशेष पुलिस आयुक्त के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति ने गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) दिल्ली सिटिजन फोरम फॉर सिविल राइट्स द्वारा जनहित याचिका में उठाए गए मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और फैसला किया कि प्राथमिकी दर्ज होने के समय से ऐसे मामलों की निगरानी संबंधित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने अपना हलफनामा उस जनहित याचिका के जवाब में दायर किया था जिसमें यौन अपराधों से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की स्थापना, मुकदमे की सुनवाई तय सीमा में करने और फॉरेंसिक साइंसेज लेबोरेटरी (एफएसएल) में एक अलग विभाग बनाए जाने करने का अनुरोध किया गया है।

Desk Team

मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पाण्डेय ने की योगी सरकार से संयम की अपील

Summary :

उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून एवं एनआरसी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में सरकार—प्रशासन के रवैये पर कुछ टिप्पणी करने के लिए यह खुला पत्र लिख रहा हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का समय नहीं मिलने पर मैगसायसाय पुरस्कार से सम्मानित संदीप पाण्डेय ने गुरूवार को उन्हें एक खुला पत्र लिखकर कहा कि हिंसा में शामिल अराजकतावादियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार जिस तरह से ‘‘प्रतिशोध की भावना’’ से कार्रवाई कर रही है, वह निन्दनीय है। उन्होंने राज्य सरकार से अधिक परिपक्वता और संयम बरतने की अपील की। 
पाण्डेय ने मुख्यमंत्री से कहा, ”मैंने आपसे 21 दिसंबर को मिलने का समय मांगा था लेकिन मुझे कोई जवाब नहीं मिला। मैं लखनऊ और उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून एवं एनआरसी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में सरकार-प्रशासन के रवैये पर कुछ टिप्पणी करने के लिए यह खुला पत्र लिख रहा हूं।” 
उन्होंने कहा कि लखनऊ में प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में जो प्राथमिकियां दर्ज की गयीं, उनमें अधिकतर आरोपी मुसलमान हैं। अगर कार्रवाई में मुस्लिमों को लेकर भेदभाव होगा तो उनसे सरकार-प्रशासन में भरोसा रखने की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। 
पाण्डेय ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून एवं एनआरसी के खिलाफ राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के बाद भाजपा के नेता अब देश के मुस्लिम नागरिकों से कह रहे हैं कि वे चिन्ता ना करें। लखनउ के हजरतगंज थाने में दर्ज एफआईआर का जिक्र करते हुए पाण्डेय ने कहा कि 39 आरोपियों में से 36 मुस्लिम हैं जबकि प्रदर्शन में गैर मुस्लिमों ने बडी संख्या में भाग लिया था। उत्तर प्रदेश में गोली लगने से मारे गये 16 युवकों में सभी मुस्लिम हैं। 
उन्होंने कहा कि यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि जब देश में अन्य राज्यों में लाखों की संख्या में लोग एकत्र हुए, कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई तो उत्तर प्रदेश में हिंसा कैसे भड़क उठी। उन्होंने कहा कि हिंसा के लिए अराजक तत्व जिम्मेदार हैं जबकि कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की जा रही है जिन्होंने अपने पूरे जीवन शांतिपूर्वक प्रदर्शन किये और जिनकी देश के संविधान में आस्था है। 
पाण्डेय ने कहा कि वकील मोहम्मद शोएब और रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी एस आर दारापुरी को गिरफ्तार किया गया। ”मेरे जैसे लोगों को 19 दिसंबर को लखनउ में नजरबंद कर दिया गया।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जाफर अपनी गिरफ्तारी के पहले तक हिंसा कर रहे युवकों को समझाने बुझाने का कार्य कर रही थीं, जिसका सबूत भी है। पाण्डेय ने कहा कि इसी प्रकार दीपक मिश्रा रचनात्मक सांस्कृतिक कार्यकर्ता हैं। पवन राव आंबेडकर रायबरेली में लेक्चरर हैं। 
उन्होंने योगी से कहा, ”अगर आप उन सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल भेजेंगे, जिनकी संविधान में आस्था है क्योंकि आपकी पुलिस अराजक तत्वों की पहचान करने में अक्षम रही तो लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ शांतिपूर्वक विरोध प्रकट करने की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी और अराजक तत्व आम आदमी को आसानी से गुमराह कर सकेंगे।” 
उन्होंने कहा, ”मैं ये आपके :योगी के: विवेक पर छोडता हूं। अगर आप उचित समझते हैं तो अपने निर्णय पर पुनर्विचार करें और उक्त कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले वापस ले लीजिए और सभी निर्दोष लोगों को रिहा कीजिए।” 

Desk Team