काबुल : अफगानिस्तान के उत्तरी भाग में स्थित एक सैन्य शिविर को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती कार बम विस्फोट में छह अफगान सैनिक मारे गए हैं। रक्षा मंत्रालय ने इस आशय की सूचना देते हुए हमले के लिए तालिबान को जिम्मेदार बताया।
हमलावर द्वारा विस्फोटक से लदी कार में विस्फोट किए जाने के तुरंत बाद आतंकवादियों के एक समूह ने परिसर पर हमला कर दिया। अफगान बलों की जवाबी कार्रवाई के साथ ही दोनों पक्षों में मुठभेड़ शुरु हो गई। मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार बाल्क प्रांत में हुए हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
विस्फोट और उसके बाद हुए ‘‘आतंकवादियों के हमले’’ में तीन अफगान सैनिक घायल हुए हैं। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता मुनिर फरहाद ने कहा कि परिसर के भीतर मुठभेड़ घंटों जारी रही। उसके बाद आतंकवादियों को वहां से खदेड़ दिया गया।
बाल्क क्षेत्र में हालिया दिनों में तालिबान काफी सक्रिय हो गए हैं। आतंकवादियों ने मंगलवार को प्रांत की दौलताबाद जिले के एक चेकनाके पर हमला किया था। हमले में कम से कम सात अफगान सैनिक मारे गए थे, जबकि छह अन्य घायल हो गए थे। घायलों में तीन सैनिक और तीन खुफिया विभाग के एजेंट थे। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने उस हमले की जिम्मेदारी ली थी।


Download Android App
Download iOS App



