मुंबई : मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम ने महानगर में हाल में हुए अग्निकांड की न्यायिक जांच कराने की मांग की है जिसमें ‘‘20 लोगों की मौत हो गई थी।’’ उन्होंने मुंबई के निगम आयुक्त अजय मेहता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
निरूपम ने कहा कि पिछले 12 दिनों में आग लगने की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इसकी समग्र जांच कराने की जरूरत है। उन्होंने बंबई उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश से न्यायिक जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को चेंबूर में 15 मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गयी। वहां आग बुझाने का कोई उपकरण नहीं था।
इमारत के निवासियों ने प्रदर्शन किया क्योंकि भवन-निर्माता ने आग के संबंध में कोई एनओसी नहीं ली थी और फरार हो गया।’’ निरूपम ने कहा, ‘‘अग्नि विभाग बीएमसी आयुक्त अजय मेहता के अंतर्गत है और तथ्य है कि मुंबई में हर दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। यह निगम प्रमुख की नाकामी को दिखाता है।’’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीएमसी में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन लोगों की सुरक्षा पर ध्यान देने की जगह बिल्डरों को बचाने में लगी है।


Download Android App
Download iOS App



