मंगलवार को देश के पहले मल्टी मॉडल लाजिस्टिक्स पार्क का केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस मॉडल से रेल, सड़क, हवाई और जलमार्ग की सीधी कनेक्टिविटी होगी। कुल 693.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क से हवाई, सड़क, रेल और जलमार्ग से लोगों का आवागमन होने के साथ सामानों का परिवहन भी हो सकेगा। इस पार्क को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारत माला परियोजना के तहत बनाया जाएगा।
असम में इस पार्क के बनने से बांग्लादेश, भूटान, नेपाल और म्यांमार के साथ व्यापार बढ़ेगा। व्यापार लागत में दस प्रतिशत की कमी आएगी। असम में स्थानीय एवं क्षेत्रीय स्तर के व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। लॉजिस्टिक पार्क में कार्गो, वेयर हाउसिंग, रख-रखाव से संबंधित सेवाएं होंगी। सभी मौसम में भंडारण की सुविधा होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह लॉजिस्टिक पार्क 20 लाख रोजगार पैदा करेगा। आर्थिक प्रगति का ग्रोथ इंजन बनेगा।
गडकरी ने लॉजिस्टिक पार्क के निर्माण की शुरूआत का श्रेय मुख्यमंत्री सबार्नंद सोनोवाल को दिया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का पार्क होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आसपास के जिलों में इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की दिशा में कार्य करने का सुझाव दिया। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सबार्नंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. वी.के. सिंह, रामेश्वर तोली और सभी सांसद और विधायक मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



