देश में कोरोना के बढ़ते संकट के बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कोरोना संकट के बीच कुछ कदम उठाने के सुझाव दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र से राज्य में कोरोना वैक्सीन आपूर्ति का भी जिक्र किया।
पत्र में पटनायक ने लिखा है कि वैक्सीन सरकारी सप्लाई के अलावा ओपन मार्केट में भी मुहैया कराई जाए जिससे इच्छुक लोगों को भी वैक्सीन की डोज आसानी से मिल सके। उन्होंने लिखा कि हमें वैक्सीन को लेकर काफी डिमांड है लेकिन केवल सरकारी सप्लाई के चलते हर किसी को वैक्सीन नहीं मिल पा रही है।

छत्तीसगढ़ से आने वाली रेलगाड़ियों पर रोक का आग्रह
इससे पहले ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को केंद्र से आग्रह किया कि वह कम से कम अगले 15 दिनों तक पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से आने वाली रेलगाड़ियों पर रूक लगा दे। ओडिशा सरकार के मुताबिक पड़ोसी राज्य में कोविड-19 की चिंताजनक स्थिति की वजह से उसके कम से कम 10 सीमावर्ती जिले प्रभावित हुए हैं।
ओडिशा के मुख्य सचिव एससी महापात्र ने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को लिखे पत्र में कहा कि संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए कम से कम एक पखवाड़े तक छत्तीसगढ़ से आने वाली रेलगाड़ियों को रोकने की जरूरत है। ओडिशा ने छत्तीसगढ़ से आने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा को पहले ही स्थगित कर दिया है।
ओडिशा में शुक्रवार को 3,108 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की कुल संख्या 3,61,450 हो गई। वहीं, संक्रमण से तीन और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 1,938 हो गई।


Download Android App
Download iOS App



