महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कोविड-19 के चलते अनाथ हुए बच्चों को सहायता प्रदान करने के लिये नीति बनाने का शुक्रवार को निर्देश दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में महामारी के चलते लगभग 2,290 बच्चे अपने पिता, माता या दोनों को खो चुके हैं।
ठाकरे ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रमों और नीतियों पर चर्चा के लिये बुलाई गई बैठक में कहा कि इन बच्चों की जरूरतों पर विचार करने के बाद एक नीति बनाई जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन बच्चों को राहत प्रदान करने के मामले पर चर्चा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा कोविड-19 को लेकर गठित बाल कार्यबल और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से बच्चों की सुरक्षा के लिये मिलकर काम करना चाहिये। डॉक्टर सुहास प्रभु नीत इस कार्यबल का गठन विशेषज्ञों की चेतावनी के बाद किया गया था कि महामारी की संभावित तीसरी लहर में बड़ी संख्या में बच्चे वायरस से संक्रमित हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



