नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक की दस पट्टियों और चारधाम यात्रा मार्ग पर एकमात्र घनसाली मोटर पुल को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। मोटरपुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए शासन के निर्देश के बाद यह निर्णय लिया गया। उपजिलाधिकारी एफआर चौहान और लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन लाल वर्मा ने घनसाली पुल पर पहुंचकर पुल से आवागमन बंद करा दिया। भिलंगना पर बने इस स्टील गार्डर पुल का निर्माण सत्तर के दशक में किया गया था, जो मौजूदा समय में काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है।
इसके चलते दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने इस पुल की मरम्मत कराने के लिए यहां आवाजाही बंद कराने का निर्णय लिया। स्थानीय डॉ. नरेंद्र डंगवाल, गोविंद बडोनी, पूरब सिंह पंवार, दिनेश पैन्यूली, लक्ष्मण सिंह चौहान और मीना नेगी का कहना है कि लोनिवि को पहले से वैकल्पिक पुल बनाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि विगत कई वर्ष पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी की ओर से सेमली अरदंगी और बालगंगा महाविद्यालय-घुमेटिधार के बीच मोटर पुलों की घोषणा की गई थी। लेकिन लोनिवि अभी तक ऐसे पुलों का निर्माण नहीं करा पाया है। इस कारण लोगों को आगामी दो माह तक परेशानी झेलनी पड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



