इस साल वर्चुअल तरीके से ओणम उत्सव का आयोजन होगा: केरल सरकार

Summary :

केरल के पर्यटन मंत्री पी ए मोहम्मद रियास ने रविवार को कहा कि पर्यटन विभाग कोविड-19 यात्रा पाबंदियों के मद्देनजर घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और दुनियाभर के सभी मलयाली लोगों को एक साथ लाने के क्रम में इस साल वर्चुअल तरीके से ओणम मनाएगा।

देश में कोरोना वायरस महामारी का कहर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। भारत में कोरोना संक्रमण के चालीस हजार नए मामलों की पुष्टि हो रही है और पांच सौ के करीब मरीज अपनी जान से हाथ धो रहे है। तो दूसरी तरफ, देश में त्यौहारी सीजन की शुरूआत होने वाली है, ऐसे में दक्षिण भारत के केरल में प्रमुखता से मनाया जाना वाला ओणम इस बार कुछ अलग तरीके से मनाया जाएगा।
केरल के पर्यटन मंत्री पी ए मोहम्मद रियास ने रविवार को कहा कि पर्यटन विभाग कोविड-19 यात्रा पाबंदियों के मद्देनजर घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने और दुनियाभर के सभी मलयाली लोगों को एक साथ लाने के क्रम में इस साल वर्चुअल तरीके से ओणम मनाएगा। मंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य सरकार विभिन्न जिलों में ऐसे पर्यटन स्थलों की पहचान कर घरेलू पर्यटन को पुनजीर्वित करने पर काम कर रही है, जिन्हें अभी तक पहचान नहीं मिली है और उन्हें एक ऐप पर लेकर आ रही है, ताकि दुनियाभर के लोग इनसे रूबरू हो सकें।
उन्होंने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है क्योंकि महामारी के कारण मार्च 2020 से दिसबंर 2020 तक पर्यटन क्षेत्र को 33,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद से घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या भी काफी कम रही है।
ओणम के वर्चुअल आयोजन के संबंध में मंत्री ने कहा कि इस नयी पहल के के तौर पर केरल की कला, संस्कृति, भोजन और प्रमुख पर्यटन स्थलों को दृश्यों और अन्य माध्यमों से वर्चुअल तरीके से दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन 14 अगस्त को संबंधित कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

Desk Team