कर्नाटक के कलाबुर्गी में नागरिकता (संशोधन) विधेयक (सीएए) के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को 70 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। इन गिरफ्तारियों के बावजूद आम जनजीवन बहुत अधिक प्रभावित नहीं हुआ है। पीपुल्स फोरम ने सीएए के खिलाफ आज सुबह शहर में बंद बुलाया था।
यहां धारा 144 लगाये जाने के बावजूद सुबह करीब 10 बजे लोग सिटी गंज इलाके में नागारेश्वर स्कूल के समीप इकट्ठा हुए और बाइक रैली निकाली और धरना दिया।
इसके बाद गांजा इलाके और आसपास के क्षेत्रों में तनाव उत्पन्न हो गया और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड भी तोड़ दिया। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और फिर 70 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
इससे पहले पुलिस ने शहर में तीन दिनों के लिए धारा 144 लगाते हुए बंद के लिए अनुमति देने से मना कर दिया था। उपायुक्त बी शरत ने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। कलाबुर्गी के पुलिस आयुक्त एम एन नागराज ने कहा है कि धारा 144 का उल्लंघन करने के मामले में हिरासत में लिये गये लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत दर्ज किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



